President Droupadi Murmu Raipur Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर गुरुवार को रायपुर पहुंचीं। राष्ट्रपति के आज रायपुर आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय ने प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे लोकभवन के लिए रवाना हुईं। यहां वे माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु की सहभागिता छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है। उनकी उपस्थिति से प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का मान बढ़ेगा तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।
राष्ट्रपति शाम 4 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित नुआखाई पर्व के अवसर पर सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दौरे के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी। यहां वे मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

