Bilaspur Chakubaji: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने युवती के पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने घर के पास स्थित एक गैरेज में बाइक बनवाने पहुंचे पिता पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पूरी घटना गैरेज में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।![]()
जानकारी के अनुसार कुदुदंड पानी टंकी के पास रहने वाला साहिल मरावी एक युवती से शादी करना चाहता था। आरोप है कि उसने शुरुआत में अपना सरनेम बदलकर खुद को साहिल मानिकपुरी बताया और युवती के परिवार से संपर्क किया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाह को लेकर बातचीत शुरू हुई।
बाद में युवती के परिजनों को आरोपी की वास्तविक पहचान की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने रिश्ता करने से साफ इंकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी साहिल लगातार युवती और उसके परिवार पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। उसकी हरकतों से परेशान होकर परिवार दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा था।
गैरेज में घुसकर किया हमला
सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती के पिता मोहितदास मानिकपुरी घर के पास स्थित एक गैरेज में अपनी बाइक बनवाने पहुंचे थे। इसी दौरान साहिल मरावी चाकू लेकर वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके सीने और पीठ पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन गैरेज में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी पीड़ित पर लगातार 6 बार चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पीड़ित हमलावर का विरोध करते हुए उसे पकड़ने की कोशिश करता है।
पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में आरोपी गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले भी आरोपी ने बीच सड़क पर युवती के साथ मारपीट की थी, जिससे वह बेहोश हो गई थी। इस मामले की शिकायत लेकर परिजन सिविल लाइन थाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो चाकूबाजी की यह घटना टाली जा सकती थी। हालांकि थाना प्रभारी ने परिवार द्वारा पहले शिकायत किए जाने के आरोपों से इंकार किया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






