SIR Raipur: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से जिन लोगों के नाम काटे गए हैं, उनके लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराने का आज अंतिम दिन है। निर्वाचन विभाग के अनुसार 22 जनवरी के बाद किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

रायपुर जिले में दस्तावेज सत्यापन के लिए कुल 1.33 लाख लोगों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अब तक केवल करीब 30 फीसदी मतदाताओं ने ही आवश्यक दस्तावेज जमा किए हैं। नोटिस के जवाब में मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 13 दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत कर सकते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं ने गणना पत्र नहीं भरा था या जिनका नाम किसी कारणवश प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे फार्म-6 के माध्यम से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि नोटिस का जवाब देने के बजाय अधिकतर लोग नया आवेदन करने में रुचि दिखा रहे हैं।
राज्यभर में अब तक नाम जोड़ने के लिए 1 लाख 42 हजार 866 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं 4 हजार 243 लोगों ने नाम विलोपन और 42 हजार 202 लोगों ने नाम संशोधन के लिए आवेदन किया है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, जिन मामलों में नोटिस का जवाब प्राप्त हो चुका है, उनकी सुनवाई 14 फरवरी तक जारी रहेगी। सभी दावा-आपत्ति मामलों की सुनवाई पूरी होने के बाद 21 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता अपने विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 और नाम विलोपन या आपत्ति के लिए घोषणापत्र सहित फार्म-7 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
SIR: अभी नाम नहीं जुड़वाया तो अगली बार बढ़ेंगी मुश्किलें, देने होंगे ये सबूत
