CG Auto Expo 2026: छत्तीसगढ़ के वाहन खरीदारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन द्वारा 20 जनवरी 2026 से 05 फरवरी 2026 तक रायपुर के श्री राम बिजनेस पार्क, एमजीएम हॉस्पिटल के सामने, विधानसभा रोड सड्डू में ऑटो एक्सपो-2026 का आयोजन किया गया है। इस ऑटो एक्सपो में वाहन खरीदने पर एकमुश्त 50 प्रतिशत जीवनकाल कर (आरटीओ टैक्स) में छूट दी जा रही है।
इस विशेष छूट का लाभ ऑटो एक्सपो की पूरी अवधि के दौरान वाहन क्रय करने वाले ग्राहकों को मिलेगा। ऑटो एक्सपो-2026 प्रदेश का पहला ऐसा आयोजन है, जिसमें पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को आरटीओ टैक्स में छूट का लाभ दिया जा रहा है। खास बात यह है कि वाहन खरीदने के लिए लोगों को रायपुर आना अनिवार्य नहीं होगा, बल्कि वे अपने जिले या नजदीकी पंजीकृत डीलर के माध्यम से भी इस योजना का लाभ ले सकेंगे।

ऑटो एक्सपो के अंतर्गत खरीदे गए वाहनों का पंजीयन उपभोक्ता अपने गृह जिले में ही करा सकेंगे। यानी वाहन पर उसी जिले का आरटीओ कोड मिलेगा। इसमें दूरस्थ क्षेत्रों के डीलर्स की भी भागीदारी रहेगी, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
रायपुर ऑटो एक्सपो-2026 में प्रदेशवासियों को एक ही स्थान पर सभी प्रमुख कंपनियों के नवीनतम वाहन मॉडल देखने, परखने और खरीदने का अवसर मिलेगा। साथ ही देश के प्रमुख बैंक और फाइनेंस कंपनियां न्यूनतम ब्याज दर पर वाहन ऋण उपलब्ध करा रही हैं, जबकि इंश्योरेंस कंपनियां कम प्रीमियम पर बीमा सुविधा दे रही हैं।
इस ऑटो एक्सपो में रायपुर जिले के 95 डीलर्स सहित अन्य जिलों के 171 डीलर्स भाग लिए हैं। कुल 266 डीलर्स की सहभागिता से आम नागरिकों को वाहनों के व्यापक विकल्प मिलेंगे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 के ऑटो एक्सपो में 29,348 वाहनों की बिक्री हुई थी और करीब 120 करोड़ रुपये की आरटीओ टैक्स छूट का लाभ जनता को मिला था। इसी तर्ज पर ऑटो एक्सपो-2026 भी प्रदेशवासियों के लिए बड़ा आर्थिक अवसर साबित होने जा रहा है।
