CG News: बुर्का या चेहरा ढंककर ज्वेलरी दुकान जाने वालों को नहीं मिलेगा सोना-चांदी…

CG News: बुर्का या चेहरा ढंककर ज्वेलरी दुकान जाने वालों को नहीं मिलेगा सोना-चांदी...

CG News: नवापारा-राजिम क्षेत्र में हाल ही में हुई ज्वेलरी शॉप लूट की के बाद छत्तीसगढ़ के सर्राफा व्यापारियों ने लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने बड़ा फैसला लिया है।

बुर्का, हेलमेट या चेहरा ढंककर आने वालों को नहीं मिलेगा प्रवेश

एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब प्रदेश की किसी भी सर्राफा दुकान में हेलमेट, बुर्का या किसी भी तरह से चेहरा ढंककर आने वाले व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह निर्णय पूरे छत्तीसगढ़ में तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में हुई बैठक

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़े सर्राफा संघों के पदाधिकारी और वरिष्ठ व्यापारी शामिल हुए। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में हुई आपराधिक घटनाओं और सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

चेहरा ढंककर आने वालों पर पूर्ण प्रतिबंध

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि इस निर्णय का उद्देश्य किसी वर्ग विशेष को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि दुकानों में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करना है। इससे सीसीटीवी कैमरों में फुटेज साफ मिलेगी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा और अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा।

बैठक में प्रमुख रूप से प्रकाश गोलचा (बिलासपुर), हर्षवर्धन जैन (रायपुर), प्रदीप घोरपोड़े (रायपुर), संजय कुमार कनुगा (रायपुर), उत्तमचंद भंडारी (दुर्ग), पवन अग्रवाल (बिलासपुर), राजू दुग्गड़ (बस्तर) और राजेश सोनी (सरगुजा) शामिल रहे। सभी ने सुरक्षा को लेकर अपने सुझाव रखे।

सुरक्षा उपकरण बढ़ाने की अपील

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि मौजूदा हालात में सर्राफा व्यापारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने सभी दुकानदारों से हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सेफ लॉक और आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और एसोसिएशन को देने को कहा।

सर्राफा एसोसिएशन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सर्राफा व्यापारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नवापारा–राजिम लूटकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारियों में भरोसा बहाल हो सके। एसोसिएशन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में सुरक्षा को लेकर और भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *