Jagdalpur Suicide: जगदलपुर में चार दिन से लापता 17 वर्षीय छात्र का शव सोमवार सुबह इंद्रावती नदी के नए पुल के पास बरामद किया गया। SDRF की टीम बीते चार दिनों से नावों और अन्य संसाधनों की मदद से युवक की तलाश कर रही थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान शव को नदी से बाहर निकाला गया।

मृतक अंश श्रीवास्तव जगदलपुर की सन सिटी कॉलोनी में अपनी नानी के घर रहकर JEE परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार, परीक्षा परिणाम आने के बाद से वह मानसिक तनाव में था और खुद को असफल मानने लगा था।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें अंश ने ‘Sorry sabko’ लिखते हुए अपने माता-पिता और भाई से माफी मांगी है। नोट में उसने खुद को असफल बताते हुए इस कदम के लिए किसी और को जिम्मेदार नहीं ठहराया और परिजनों से न रोने की अपील की है। बताया गया है कि यह संदेश उसने Chat GPT के माध्यम से लिखा था।

मामले में कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
