Raipur Breking: राजधानी रायपुर की सड़कों पर खुलेआम कट्टा और चाकू लेकर घूम रहे युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक कार चलाते हुए, सड़कों, गलियों और सुनसान इलाकों में हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। ये युवक फिल्मी गानों, खासकर “बदमाश-लाडले” जैसे गानों पर रील बनाकर खुद को खतरनाक और प्रभावशाली दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।

हैरान करने वाली बात यह है कि इन युवकों ने सोशल मीडिया पर अपने अलग-अलग पेज बना रखे हैं, जहां लगातार ऐसे वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं। इन पोस्ट्स के जरिए वे खुद को ‘डॉन’ और ‘भाई’ साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

18 से 25 साल के बीच बताई जा रही उम्र
वायरल वीडियो में दिख रहे इन युवकों की उम्र 18 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। ये सभी सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और लाइक पाने की होड़ में इस तरह की खतरनाक हरकतें कर रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ वीडियो शहर के खमतराई, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती और डीडी नगर जैसे इलाकों में शूट किया गया हैं।

जांच करवाकर करेंगे कार्रवाई
सोशल मीडिया में हथियार के साथ रील वायरल करने वाले आरोपियों की जांच कराने और कार्रवाई करने की बात रायपुर पुलिस के अधिकारियों ने की है।
अफसरों का कहना है, कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
