Raipur Suicide: राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमलीडीह स्थित मारुति रेसिडेंसी में बुधवार को 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है।
परिजनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि मां को पूछताछ के लिए थाना ले जाने की घटना से युवती गहरे सदमे में आ गई थी और इसी कारण 18 वर्षीय अमीन पटेल ने फांसी लगाकर जान दे दी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब डेढ़ से पौने दो बजे के बीच अमीना ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय उसकी मां घर पर मौजूद नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, अमीना के पिता महेंद्र पटेल के खिलाफ वर्ष 2022 में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
बताया जा रहा है कि महेंद्र पटेल कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ अब तक चार बार गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके थे। हर बार नोटिस मिलने के बाद भी वह फरार रहा। इसी सिलसिले में मंदिर हसौद पुलिस महेंद्र की पत्नी खिली पटेल को पति के बारे में जानकारी लेने के लिए महिला थाना लेकर गई थी।

परिजनों का आरोप है कि मां को पुलिस द्वारा उठाकर ले जाने से अमीना मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गई थी। पुलिस के जाने के कुछ ही देर बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया और फांसी के फंदे पर झूल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अमीना को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल मेडिशाइन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमीना अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
