CG Murder: दुर्ग: भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में बोरे में बंद महिला की लाश मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर ने ही की थी। आरोपी ने अपने भाई और दोस्त की मदद से शव को बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह मामला 12 दिसंबर का है, जब चंद्रा-मौर्या अंडर ब्रिज के पास नाले से एक महिला का सड़ा-गला शव बोरे में मिला था। शव की पहचान नहीं होने के कारण मामला रहस्यमय बना हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका आरोपी तुलाराम बंजारे के साथ नगपुरा क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।



पुलिस के अनुसार 11 दिसंबर की रात तुलाराम और मृतका ने साथ में शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में मृतका ने तुलाराम को थप्पड़ मार दिया, जिससे आक्रोशित होकर तुलाराम ने महिला का सिर दीवार पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद तुलाराम ने अपने भाई और एक दोस्त को बुलाया। तीनों ने मिलकर शव को बोरे में भरा और नाले में फेंक दिया। इसके बाद मृतका के नगपुरा चले जाने की झूठी कहानी गढ़ी गई। करीब सात दिन बाद जब नाले से शव बरामद हुआ, तब मृतका की भाभी ने शरीर पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की।
सुपेला थाना पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
