Raipur News: कभी भी हो सकती है अमित बघेल की गिरफ्तारी, दुर्ग-रायपुर में पुलिस की दबिश

Raipur News: महापुरुषों के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल की गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज हो गई है। रविवार को पुलिस टीम उनके रायपुर स्थित घर और दुर्ग में उनके करीबियों के ठिकानों पर दबिश देने पहुंची, लेकिन अमित बघेल पिछली गली से कूदकर फरार हो गए। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ पाया गया है। पुलिस की कई टीमें प्रदेश और प्रदेश से बाहर उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि अमित बघेल के खिलाफ देवेंद्रनगर और कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ महतारी के संबंध में की गई विवादित टिप्पणी और पोस्ट को लेकर भी सिविल लाइन थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। बीती रात पुलिस ने दुर्ग में भी उनके नजदीकी लोगों के घरों पर दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। (Amit Baghel Arrest Update)

एसएसपी ने वीडियो संदेश जारी कर जनता से अपील की है कि वे अफवाहों और उकसावे से दूर रहें। बताया कि पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।

क्या है मामला?

26 अक्टूबर को रायपुर के वीआईपी चौक के पास छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा टूटी हुई मिली थी। इसके बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी दौरान अमित बघेल ने महाराजा अग्रसेन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भगवान झूलेलाल को लेकर कथित विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद राज्य सहित अन्य राज्यों में भी उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने प्रतिमा तोड़ने वाले आरोपी मनोज कुर्रे को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *