Bijapur News: बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक स्थित आवापल्ली स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दो माह के शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया। परिजनों ने डॉक्टर और ड्यूटी में तैनात नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुर्दोण्डा निवासी परिजन अपने दो माह के बच्चे को हल्का बुखार, सर्दी और खांसी की शिकायत पर आज सुबह 9 बजे आवापल्ली स्वास्थ्य केंद्र लाए थे। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने बिना सिरप और भाप दिए सीधे बच्चे के हाथ में कैनुला लगाकर लगातार इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि उन्होंने डॉक्टर और नर्स से सिरप देने की बात कही थी, लेकिन उन्हें यह कहकर चुप करा दिया गया कि इलाज कैसे करना है, यह डॉक्टर का काम है। परिजन अब डॉक्टर और नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
BMO ने बताया- गलत आरोप
इस मामले में BMO डॉ. उमेश ठाकुर ने बताया कि बच्चे को निमोनिया की गंभीर समस्या थी। जब परिजन उसे अस्पताल लाए, तब उसकी स्थिति पहले से ही गंभीर थी। डॉक्टरों की टीम ने मानक प्रक्रिया के तहत इलाज किया, लेकिन बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि परिजन भावुक होकर गलत आरोप लगा रहे हैं।
