CG New Result Formula: तिमाही-छमाही के अंक अब वार्षिक परीक्षा में जुड़ेंगे, कम अंक से बिगड़ सकता है रिजल्ट

CG New Result Formula:

CG New Result Formula: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने एक बड़ा निर्णय लिया है। अब कक्षा पहली से नौवीं और ग्यारहवीं तक के छात्रों के तिमाही और छमाही परीक्षा के अंक वार्षिक परीक्षा के रिजल्ट में जोड़े जाएंगे। यानी अब अगर किसी छात्र के तिमाही या छमाही में अंक कम आते हैं, तो उसका असर वार्षिक परीक्षा के परिणाम पर पड़ेगा।

यह नया सिस्टम वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2025-26 से ही लागू कर दिया गया है। हालांकि यह नियम 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं पर लागू नहीं होगा। इस बदलाव से प्रदेश के करीब 45 लाख छात्र प्रभावित होंगे।

क्यों किया गया बदलाव?

शिक्षा विभाग का कहना है कि कई स्कूलों में तिमाही और छमाही परीक्षा को केवल औपचारिकता के तौर पर लिया जाता था। अब इन परीक्षाओं को रिजल्ट से जोड़ने के फैसले के बाद छात्र और शिक्षक दोनों की गंभीरता बढ़ेगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

ऐसे काम करेगा नया रिजल्ट फॉर्मूला (CG New Result Formula)

कक्षा 1 से 4 तक

  • तिमाही परीक्षा के अंकों का 20%,
  • छमाही परीक्षा के अंकों का 20%,

और वार्षिक परीक्षा का 60% अंक मिलाकर अंतिम परिणाम तैयार किया जाएगा।

कक्षा 5वीं और 8वीं

  • छमाही परीक्षा के अंकों का 30% अधिभार जोड़ा जाएगा।
  • यानी छमाही का 30% + वार्षिक का 70% मिलाकर रिजल्ट बनेगा।

कक्षा 9वीं और 11वीं

  • शिक्षा विभाग ने 9वीं और 11वीं के लिए भी इसी नियम को लागू करने का प्रस्ताव भेजा है।
  • माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की सहमति मिलने के बाद इसे पूरी तरह लागू किया जाएगा।

पहले भी लागू था ऐसा सिस्टम

साल 2010 से पहले भी छत्तीसगढ़ में यही फॉर्मूला लागू था, लेकिन RTE (शिक्षा का अधिकार कानून) लागू होने के बाद पहली से आठवीं तक सभी छात्रों को पास करने की नीति आने पर यह सिस्टम बंद कर दिया गया था। अब एक बार फिर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए इसे पुनः लागू किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *