Raipur News: छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर को रायपुर पुलिस ने शनिवार सुबह गहोई भवन में हाउस अरेस्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि ननकीराम कंवर अपनी ही सरकार के खिलाफ मुख्यमंत्री आवास (CM House) के बाहर धरने पर बैठने जा रहे थे।
धरने से पहले पुलिस ने रोका, गेट कूदने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, ननकीराम कंवर धरने के लिए होटल से निकल रहे थे तभी पुलिस अधिकारियों ने उन्हें एम्स चौक के पास रोक लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की नाकाबंदी को पार करने की कोशिश की और गेट कूदकर निकलने की कोशिश भी की।
उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, अगर यही रवैया रहा तो अगली बार बीजेपी की सरकार नहीं बनेगी। जनता बोल रही है कि बीजेपी को 15 सीट से ज्यादा नहीं मिलेंगी।


कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग पर अड़े
दरअसल, पूर्व मंत्री कंवर लंबे समय से कोरबा कलेक्टर अजित वसंत को हटाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि कलेक्टर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं और सरकार इन पर कार्रवाई नहीं कर रही।
ननकीराम कंवर ने कुछ दिन पहले जिला प्रशासन को पत्र लिखकर कहा था कि यदि 4 अक्टूबर तक कार्रवाई नहीं होती, तो वे रायपुर में धरना देंगे। शुक्रवार देर रात वे रायपुर पहुंचे और शनिवार सुबह 10:30 बजे से धरने पर बैठने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि प्रशासन को पहले से धरने की सूचना नहीं दी गई थी। सुरक्षा कारणों से उन्हें गहोई भवन में ही रोक दिया गया है। इस बीच, कंवर समर्थक भी रायपुर में एकत्रित होने लगे थे, जिन्हें पुलिस ने समझाकर वापस भेजा।
