CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अकवान चक्रवात के प्रभाव से मौसम पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं।
पेंड्रा में सुबह से रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। वहीं, केशकाल में हल्की बारिश के साथ घना कोहरा और धुंध छाई हुई है। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है।
रायपुर में 9 डिग्री तक लुढ़का दिन का पारा
शुक्रवार को हुई बारिश के बाद राजधानी रायपुर के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन का तापमान सामान्य से करीब 9 डिग्री कम रहा। पूरे दिन बादल छाए रहे और शहर में 11.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम में ठंडक बढ़ने से कई इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचते नजर आए।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
आज भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि अकवान चक्रवात धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इससे जुड़ा मौसम तंत्र अभी भी नमी खींच रहा है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने के संकेत हैं।



