PM Fasal Bima Yojana: छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में बेमौसम बारिश, चक्रवात और अतिवृष्टि से फसलों को होने वाले नुकसान को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए जरूरी सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि फसल खराब होने की स्थिति में समय पर सूचना देकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लिया जा सकता है।
कृषि विभाग के अनुसार, फसल नुकसान होने पर किसानों को 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर इसकी जानकारी देनी होगी। निर्धारित समय में सूचना देने के बाद ही बीमा दावा प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
कटाई के बाद रखी फसल को भी मिलेगा लाभ
कृषि विभाग ने बताया कि कटाई के बाद खेत में रखी फसल को भी बेमौसम बारिश या चक्रवात से नुकसान होने पर बीमा का लाभ मिल सकता है। इसके लिए किसानों को कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों के भीतर फसल नुकसान की सूचना देना जरूरी होगा।
इसके अलावा अतिवृष्टि के कारण खेतों में पानी भरने और फसल खराब होने की स्थिति में भी किसान बीमा दावा के लिए सूचना दर्ज करा सकते हैं।
सूचना देते समय देनी होगी ये जानकारी
फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव का नाम, खसरा नंबर, बीमित फसल, पॉलिसी नंबर, नुकसान का कारण और नुकसान की तारीख जैसी जानकारी देनी होगी।
सूचना मिलने के बाद 48 घंटे के भीतर सर्वे के लिए अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। इसके बाद 10 दिनों में फसल नुकसान का सर्वे पूरा किया जाएगा और 15 दिनों में दावा राशि सीधे किसान के बैंक खाते में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
किसानों को जागरूक करने के निर्देश
उप संचालक कृषि ने मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए। इसके लिए कृषक समूहों, ग्राम पंचायतों और सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को जागरूक करने के साथ प्रभावित किसानों की मदद कर दावा दर्ज कराने के लिए कहा गया है।
किसान टोल फ्री नंबर 14447 के अलावा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की वेबसाइट http://pmfby.gov.in के माध्यम से भी फसल नुकसान की जानकारी दे सकते हैं। किसान अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी या उप संचालक कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।





