Mahadev Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आज 19 नवंबर को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। उसकी न्यायिक और एजेंसी रिमांड की अवधि समाप्त होने पर उसे ED और CBI से जुड़े मामलों में अलग-अलग अदालतों में पेश किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) उससे आगे की पूछताछ के लिए दोबारा कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकता है। वहीं, मामले की जांच का दायरा अब छत्तीसगढ़ पुलिस के कुछ अधिकारियों तक भी पहुंचने की जानकारी सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ पुलिस अधिकारियों को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया है।
बयान और दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ
ED ने सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयान, डिजिटल साक्ष्य और विदेश में संचालित कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सट्टेबाजी से अर्जित रकम किन माध्यमों से विदेश पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किस व्यक्ति की क्या भूमिका रही।
3500 करोड़ से अधिक की संपत्ति अटैच
जांच एजेंसी के अनुसार अब तक करीब 190 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। ED लगभग 2000 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त या फ्रीज कर चुकी है, जबकि करीब 3500 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की गई है। इनमें लगभग 1800 करोड़ रुपए की विदेशों में स्थित संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में मौजूद 22 अचल संपत्तियों को भी अटैच किया गया है।
अब तक इस मामले में 116 आरोपियों के खिलाफ 6 अभियोजन शिकायतें दाखिल की जा चुकी हैं। सौरभ चंद्राकर इस प्रकरण में ED द्वारा गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी है।
200 करोड़ की शादी भी जांच के दायरे में
ED के मुताबिक, फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में आयोजित सौरभ चंद्राकर की शादी में करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे। शादी में मेहमानों को लाने के लिए नागपुर से तीन चार्टर्ड विमान भेजे गए थे।
एजेंसी इवेंट कंपनी, होटल और अंगड़िया फर्मों के जरिए हुए वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही शादी में शामिल मेहमानों की सूची के आधार पर महादेव सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




