CG News: पटवारियों पर कार्रवाई निरस्त करने और 3% महंगाई भत्ता देने की मांग, कर्मचारी फेडरेशन ने सौंपा ज्ञापन

CG News: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम कलेक्टर गरियाबंद के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। फेडरेशन ने दो प्रमुख मांगों को लेकर शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

CG News: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम कलेक्टर गरियाबंद के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। फेडरेशन ने दो प्रमुख मांगों को लेकर शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

फेडरेशन की पहली मांग राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने की है। संगठन का कहना है कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और शासन की विभिन्न योजनाओं के संचालन के साथ ही राजस्व संबंधी कार्यों में उनकी अहम भूमिका रहती है। ऐसे में कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कार्रवाई के बजाय बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए।

3 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ते की मांग

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत का भुगतान केंद्र सरकार के समान देय तिथि से एरियर्स सहित करने की मांग भी उठाई है।

फेडरेशन का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ दिया जा रहा है, जबकि छत्तीसगढ़ के कर्मचारी अभी भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते से वंचित हैं। बढ़ती महंगाई के बीच यह अंतर कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन रहा है।

संगठन ने शासन से आग्रह किया है कि दोनों मांगों पर जल्द निर्णय लेकर कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत दी जाए।

आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारी हुए शामिल

अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के नेतृत्व में आक्रोश रैली निकाली गई, जिसमें विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। रैली के बाद कलेक्टर परिसर में अपर कलेक्टर महाराणा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

इस दौरान कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक एमआर खान, महासचिव बसंत त्रिवेदी, सचिव सुनील यादव, जिला अध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ गुलशन यदु, मनोज खरे, राजपत्रित अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष आरके तलवारे, नीलांबर पटेल, शिक्षक फेडरेशन जिला अध्यक्ष मिश्रीलाल तारक, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष आरके ध्रुव, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष खिलेंद्र साहू, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डीके पड़ोती सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।

कर्मचारी फेडरेशन ने कहा कि वह शासन के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने के पक्ष में है, लेकिन कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी होने पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *