राजधानी रायपुर में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. छट्ठी कार्यक्रम से लौटने के दौरान मिनी ट्रक और ट्रैलर की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई.13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. ये सभी मिनी ट्रक में सवार थे.ट्रक खरोरा के बाना गांव से आ रहा था जहाँ बंगोली में इसे रायपुर से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी.मृतकों में 3 बच्चे और 10 महिलाएं शामिल हैंवहीं बच्चों सहित 13 घायलों का इलाज मेकाहारा में जारी है.
हादसा इतना खतरनाक था कि कई महिलाओं और बच्चों के शरीर टुकड़ो में बट गये और उनकी दर्दनाक मौत हो गई. इनमें से कई हवा में उछलकर सड़क पर गिर गए जिससे सर फटने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चटोद गांव निवासी पुनीत राम साहू का परिवार और रिश्तेदार बाना गांव में छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे थे.यह सभी मिनी ट्रक में सवार थे, इस दौरान रायपुर से आ रहे ट्रेलर में बंगोनी गांव के पास मशीनरी पार्ट के साइड से निकले लोहे से गाड़ी टकरा गईं.हादसे के बाद मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे आ रही दूसरी ट्रक में जा भिड़ी.कुछ ही सेकंड में मिनी ट्रक एक के बाद एक दो गाड़ियों से टकरा गई. आनन फानन में घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
मृतकों के परिजन और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान
हादसे पर सीएम साय ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर लिखा है कि इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है. राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की है. घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है.
पुलिस ने ट्रेलर के चालक को पकड़ा
पुलिस ने ट्रेलर के चालक को पकड़ लिया है.ट्रेलर का ड्राइवर अमित कुमार बर्मन है जो पश्चिम सिंहभूम जिला झारखंड का रहने वाला है. ट्रेलर का मालिक भी वही है। एक्सीडेंट के बाद वह मौके से फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया.
