CG Nursing Staff Protest: छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा विभाग के 10 मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग स्टाफ ने बुधवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के बैनर तले नियमित, संविदा और डेली वेजेस पर काम करने वाले नर्सिंग कर्मचारी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
नर्सिंग कर्मचारियों का यह आंदोलन रोज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। संघ की प्रमुख मांगों में साल 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करना, संविदा, डेली वेजेस और एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करना तथा नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड-पे का आदेश जारी करना शामिल है।
2018 की कमेटी की सिफारिश लागू करने की मांग
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का कहना है कि साल 2018 में गठित कमेटी ने स्टाफ नर्सों का ग्रेड-पे 2800 रुपए से बढ़ाकर 4400 रुपए करने की सिफारिश की थी। इसके अलावा 1200 रुपए ड्रेस अलाउंस और 4800 रुपए नर्सिंग अलाउंस देने का सुझाव भी दिया गया था।
संघ का आरोप है कि कमेटी की सिफारिशों पर अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इसी को लेकर नर्सिंग कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगें शासन के सामने रखते आ रहे हैं।
वेतन, भत्ते और नियमित भर्ती की मांग
नर्सिंग संगठनों की ओर से खाली पदों पर नियमित भर्ती, संविदा और कलेक्टर दर पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित पदों पर प्राथमिकता देने, समान काम के लिए समान वेतन और पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की जा रही है।
इसके अलावा नर्सिंग ऑफिसर और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर पदनाम लागू करने, नर्सिंग अलाउंस बढ़ाने, वॉशिंग अलाउंस देने और संविदा कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन तय करने जैसी मांगें भी शामिल हैं।
संघ ने पहले ही दी थी आंदोलन की सूचना
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को आंदोलन की जानकारी पहले ही दे दी थी। विभाग की ओर से बताया गया था कि साल 2018 की कमेटी की अनुशंसाओं पर प्रक्रिया चल रही है।
हालांकि, संघ ने विभाग के जवाब को संतोषजनक नहीं माना और आंदोलन शुरू कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत ने कहा कि मांगों को लेकर लंबे समय से शासन स्तर पर चर्चा की जा रही है, लेकिन अब तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।
21 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास घेराव की तैयारी
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आंदोलन शुरू होने के 2 से 3 दिनों के भीतर ग्रेड-पे को लेकर आदेश जारी नहीं किया गया तो स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय से जुड़े नर्सिंग कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे।
इसके बाद 21 नवंबर को नवा रायपुर में धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री निवास घेराव की तैयारी की जाएगी। संघ ने कहा है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।



