CG Eye Infection: धमतरी जिले में धान कटाई और मिंजाई का काम किसानों और खेत मजदूरों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। खेतों में उड़ने वाले तिनके और धान की बालियों से आंखों में चोट लगने के कारण इस सीजन में 49 लोग आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं। इनमें 14 लोगों की दोनों आंखों की रोशनी पूरी तरह चली गई, जबकि 35 लोग एक आंख से देखने की क्षमता खो चुके हैं।
गंभीर संक्रमण के कारण दो मरीजों की एक-एक आंख शल्य चिकित्सा के जरिए निकालनी पड़ी है। जिला अस्पताल में रोजाना तीन से चार मरीज आंखों में चोट की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज नहीं कराने और बिना सलाह दवाओं का उपयोग करने से आंखों को स्थायी नुकसान पहुंच रहा है।
जिले में बढ़ रहा कॉर्नियल ब्लाइंडनेस का खतरा (Dhamtari Farmer Eye Infection)
धान की कटाई और मिंजाई के दौरान तिनके या धान की बालियां आंखों में लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चोट लगने के बाद सही समय पर विशेषज्ञ डॉक्टर से इलाज नहीं मिलने पर कॉर्निया यानी आंख की पुतली में संक्रमण फैल रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, कई लोग आंख में चोट लगने के बाद उसे रगड़ने लगते हैं या मेडिकल स्टोर से बिना सलाह दवा ले लेते हैं। इससे आंख की पुतली पर घाव गहरा हो जाता है और संक्रमण बढ़ने लगता है। गंभीर स्थिति में आंख को बचाना मुश्किल हो जाता है।
कुरूद और नगरी क्षेत्र में सबसे ज्यादा मामले (Dhamtari Farmer Eye Infection)
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, धमतरी जिले के कुरूद और नगरी विकासखंड में आंखों की रोशनी जाने के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं।
कुरूद क्षेत्र में दोनों आंखों की रोशनी गंवाने वाले 10 और एक आंख से दृष्टि खोने वाले 13 मरीज मिले हैं। वहीं नगरी क्षेत्र में एक आंख की रोशनी गंवाने वाले 17 मरीज सामने आए हैं।
मगरलोड क्षेत्र में दो लोगों की दोनों आंखों की रोशनी चली गई, जबकि तीन लोग एक आंख से प्रभावित हुए हैं। गुजरा और धमतरी क्षेत्र में भी दो मरीज दोनों आंखों और दो मरीज एक आंख की रोशनी गंवा चुके हैं।
गलत दवाओं के इस्तेमाल से बढ़ रहा खतरा
नेत्र विशेषज्ञों के मुताबिक, धान का तिनका या पत्ता आंख में जाने के बाद लोग अक्सर आंखों को जोर से रगड़ देते हैं। इससे कॉर्निया पर चोट लग सकती है। इसके बाद कई लोग बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड वाली आई ड्रॉप का इस्तेमाल कर लेते हैं।
ऐसी दवाओं के गलत इस्तेमाल से फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण तेजी से बढ़ सकता है। संक्रमण बढ़ने पर आंख में गंभीर नुकसान हो सकता है और कई बार आंख निकालने तक की स्थिति बन जाती है।
डॉक्टरों ने किसानों और मजदूरों से अपील की है कि धान कटाई और मिंजाई के दौरान आंखों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतें। आंख में किसी भी तरह की चोट लगने पर तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच कराएं और बिना सलाह दवा का उपयोग न करें।




