Raipur News: रायपुर के सिलतरा क्षेत्र में शराब भट्ठी के एक सुपरवाइजर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रशांत वर्मा के रूप में हुई है। वह मांढर स्थित शराब भट्ठी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। आत्महत्या से पहले उन्होंने अपनी मां और पत्नी को मोबाइल पर एक अंतिम संदेश भेजा, जिसमें कार्यालय में चल रही परेशानियों का जिक्र किया गया है।
घटना सिलतरा बाजार चौक स्थित प्रशांत वर्मा के घर की है। सूचना मिलते ही सिलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल में मिले संदेश की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मृतक के मोबाइल में मिले अंतिम संदेश की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि उन्होंने दफ्तर में हो रही परेशानियों का उल्लेख किया है। पुलिस संदेश की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
2 कर्मचारियों का किया जिक्र
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि प्रशांत वर्मा ने अपने संदेश में मांढर शराब भट्ठी में पदस्थ दो कर्मचारियों का नाम लेते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। साथ ही कुछ अधिकारियों का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

