Raipur Organ Donation: रायपुर के 20 वर्षीय जितेंद्र दीप अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके अंगों ने दो लोगों को नई जिंदगी दी है। ब्रेन डेथ घोषित होने के बाद परिवार ने बड़ा फैसला लेते हुए जितेंद्र की दोनों किडनी दान कर दीं। इसके बाद एम्स रायपुर में दो जरूरतमंद मरीजों का सफल किडनी प्रत्यारोपण किया गया। यह छत्तीसगढ़ का 16वां मृतक अंगदान है।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र दीप को 9 नवंबर 2026 को अज्ञात परिस्थितियों में गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें इलाज के लिए पहले डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए रामकृष्ण केयर अस्पताल रायपुर में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों के लगातार प्रयास के बावजूद 14 नवंबर को उन्हें ब्रेन डेथ घोषित कर दिया गया।
परिवार ने लिया अंगदान का फैसला
जितेंद्र के ब्रेन डेथ घोषित होने के बाद परिजनों ने उनकी दोनों किडनी दान करने की सहमति दी। जितेंद्र के भाई विक्की दीप ने बताया कि वह प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी थे और पांच भाई-बहनों में सबसे आज्ञाकारी बच्चों में से एक थे।
परिवार का कहना है कि जितेंद्र अब उन लोगों की जिंदगी का हिस्सा बने रहेंगे, जिन्हें उनके अंगों से नया जीवन मिला है। उनके इस फैसले से दो परिवारों को खुशियां लौट सकीं।
3 और 7 साल से डायलिसिस पर थे मरीज
राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन की नीति के अनुसार जितेंद्र की दोनों किडनी एम्स रायपुर को आवंटित की गईं। यहां दोनों मरीजों का सफल प्रत्यारोपण किया गया।
पहली किडनी महासमुंद जिले के बसना निवासी 46 वर्षीय मरीज को लगाई गई। वह डायबिटीज से जुड़ी किडनी बीमारी से पीड़ित थे और पिछले तीन साल से नियमित डायलिसिस करा रहे थे।
वहीं दूसरी किडनी धमतरी निवासी 39 वर्षीय मरीज को प्रत्यारोपित की गई। वह अंतिम अवस्था के गुर्दा रोग से जूझ रहे थे और पिछले सात साल से डायलिसिस पर निर्भर थे। दोनों मरीजों के पास प्रत्यारोपण के लिए कोई जीवित दाता उपलब्ध नहीं था।
2 अस्पतालों की टीम ने पूरा किया प्रत्यारोपण
अंगदान की पूरी प्रक्रिया में रामकृष्ण केयर अस्पताल और एम्स रायपुर की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रामकृष्ण केयर अस्पताल में जितेंद्र के इलाज, ब्रेन डेथ की प्रक्रिया और अंगदान से जुड़ी व्यवस्थाओं का समन्वय किया गया।
एम्स रायपुर में यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और एनेस्थीसिया विभाग की टीम ने मिलकर दोनों मरीजों का सफल प्रत्यारोपण किया। दोनों किडनी के प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पूरी करने में 12 घंटे से अधिक समय लगा।
अंगदान के प्रति जागरूकता की अपील
राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन ने जितेंद्र के परिवार के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि कठिन समय में लिया गया यह निर्णय दो मरीजों के लिए जीवन की नई उम्मीद बना।
संगठन ने बताया कि ब्रेन डेथ एक चिकित्सकीय और कानूनी रूप से मान्यता प्राप्त स्थिति है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत ब्रेन डेड व्यक्ति के अंग जरूरतमंद मरीजों को जीवन दे सकते हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अंगदान के महत्व को समझें और जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाने के लिए अंगदान का संकल्प लें।


