CG News: छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान में मिली सफलता के बाद अब बस्तर में तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों की संख्या में बदलाव किया जा रहा है। लंबे समय से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात CRPF के जवानों को दूसरे राज्यों में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार, बस्तर से 1000 से अधिक जवानों को मणिपुर भेजा जा रहा है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब पहले जैसी स्थिति नहीं है। नक्सल गतिविधियों में कमी और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के बाद केंद्रीय सुरक्षा बलों की आवश्यकता पहले की तुलना में कम हुई है। इसी को देखते हुए बस्तर में तैनात जवानों को अन्य स्थानों पर भेजा जा रहा है।
पहले भी हो चुका है जवानों का स्थानांतरण
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बस्तर से सुरक्षा बलों के जवानों को दूसरे राज्यों में भेजने की प्रक्रिया पहले भी चलती रही है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चलाए गए अभियानों और सुरक्षा बलों की प्रभावी रणनीति से क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है।
बस्तर में लंबे समय तक सीआरपीएफ और अन्य केंद्रीय बलों ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सुरक्षा बलों की तैनाती से दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली और आम लोगों तक शासन की योजनाओं की पहुंच भी आसान हुई।
बदल रही बस्तर की तस्वीर
नक्सल गतिविधियों में कमी के साथ बस्तर में अब विकास और सामान्य जनजीवन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ कई इलाकों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।


