CG News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर 13 अपचारी बालक फरार हो गए। गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में मंगलवार रात बच्चों ने पुराने दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर भागने की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने देर रात दो अपचारी बालकों को पकड़ लिया, जबकि 11 की तलाश जारी है। फरार बालकों में हत्या, दुष्कर्म और चोरी जैसे गंभीर मामलों के आरोपी भी शामिल हैं।![]()
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
बता दें यह एक महीने के भीतर दूसरी बार है जब बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक फरार हुए हैं। इससे पहले 23 जून को 11 बच्चे खिड़की तोड़कर भाग निकले थे। उस मामले में 10 बच्चों को पकड़ लिया गया था, जबकि एक अब भी फरार है।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग के बावजूद व्यवस्था नहीं
बाल संप्रेक्षण गृह की परिवीक्षा अधिकारी शमा नूरी ने बताया कि पहले हुई घटना के बाद अतिरिक्त सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक से नगर सैनिकों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई थी। अधिकारियों ने सहमति और आश्वासन दिया था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो सकी।
सुरक्षा चूक से भागे बच्चे
उन्होंने बताया कि परिसर के पुराने दरवाजों और खिड़कियों को मजबूत करने के लिए वेल्डिंग का काम भी चल रहा है। मंगलवार रात करीब 8 से 8:15 बजे भोजन करने के बाद सभी बच्चे अपने कमरों में गए थे। इसी दौरान उन्होंने पुराने दरवाजे को तोड़कर फरार होने की योजना को अंजाम दिया।
पहले फरार हो चुका था मास्टरमाइंड
शमा नूरी के अनुसार, इस घटना का मास्टरमाइंड वही अपचारी बालक है जो पहले भी फरार हो चुका था। इस बार उसके साथ पहले फरार हो चुके तीन अन्य बालक भी शामिल थे, जबकि 10 नए अपचारी बालक भी उनके साथ भाग निकले।
तलाश में जुटीं पुलिस टीम
फरार अपचारी बालक सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी संबंधित जिलों की पुलिस को भी भेज दी गई है। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि दो अपचारी बालकों को पकड़ लिया गया है। बाकी 11 की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।




