CG Murder: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी की हत्या कर उसे हादसा बताने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी नाले में गिर गई थी, जिससे उसे अंदरूनी चोट आई और उसकी मौत हो गई। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की असली वजह मारपीट से आई गंभीर चोटें सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस जांच में पता चला कि पति-पत्नी के बीच रास्ते में विवाद हुआ था। आरोपी ने गुस्से में पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने घटना को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
नाले में गिरने की बनाई थी कहानी
पुलिस के अनुसार ग्राम रैसरा निवासी लालू प्रसाद पण्डो (35) ने 10 नवंबर को चौकी चेन्द्रा में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी लक्षंती बाई की नाले में गिरने से लगी अंदरूनी चोट के कारण मौत हो गई है।
आरोपी ने बताया था कि 9 नवंबर को वह पत्नी के साथ महतारी वंदन योजना की जानकारी लेने ग्राहक लोक सेवा केंद्र गया था। वहां से दोनों ग्राम टोमो जा रहे थे। रास्ते में बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय पत्नी के पत्थर पर गिरने और घायल होने की बात उसने पुलिस को बताई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और गवाहों के बयान दर्ज किए। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि हाथ, मुक्के और लात से की गई मारपीट के कारण आई गंभीर अंदरूनी चोटों से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
जल्दी चलने को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नाला पार करने के बाद उसने पत्नी से जल्दी चलने के लिए कहा था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। पत्नी द्वारा अपशब्द कहे जाने पर वह गुस्से में आ गया और उसके साथ मारपीट कर दी। गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी लालू प्रसाद पण्डो को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज किया गया है।

