CG News: रायगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को खर्राघाट स्थित केलो नदी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी स्वयं नदी में उतरे और विसर्जित गणेश प्रतिमाओं के अवशेष व अन्य कचरा निकालकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की आस्था, संस्कृति और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे स्वच्छ बनाए रखना केवल प्रशासन नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने नदी में डुबकी लगाकर केलो नदी को नमन भी किया।
29.99 करोड़ रुपए से होगा खर्राघाट का विकास
खर्राघाट के विकास और ऑक्सीजोन निर्माण के लिए 29.99 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। इस परियोजना की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपए है। कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी किया गया था और इसे दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रयास रहेगा कि परियोजना तय समय से पहले पूरी हो।
शनि मंदिर से खर्राघाट तक होगा सौंदर्यीकरण
परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक लगभग दो किलोमीटर सड़क का उन्नयन किया जाएगा। सड़क के साथ नाली, पैदल मार्ग और नदी तट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पचरी घाट का नवीनीकरण कर उसे पाथवे से जोड़ा जाएगा। वहीं शनि मंदिर तिराहे का चौड़ीकरण कर यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनाई जाएगी।
8.50 एकड़ में विकसित होगा ऑक्सीजोन
खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन बनाया जाएगा। यहां पौधरोपण, पार्किंग, पाथवे, घाट, व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण भी किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर तक मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। उन्होंने अगले पांच वर्षों में 10 से अधिक ऑक्सीजोन विकसित करने का लक्ष्य बताया।
मॉर्निंग वॉक और नाइट वॉक की मिलेगी सुविधा
ओपी चौधरी ने कहा कि खर्राघाट का विकास केवल घाट तक सीमित नहीं रहेगा। यहां मॉर्निंग वॉक, नाइट वॉक, जिम और परिवार के साथ समय बिताने के लिए आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
मौसम खराब होने से नहीं पहुंच सके मुख्यमंत्री
यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे रायगढ़ नहीं पहुंच सके। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी की उपस्थिति में स्वच्छता अभियान और विकास कार्यों की शुरुआत की गई।
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद रायगढ़वासियों को आधुनिक घाट, हरित क्षेत्र और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
लोकल फॉर वोकल प्रदर्शनी बनी आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी लगाई गई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों और उद्यमों की जानकारी ली।


