GPM Murder: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पति द्वारा पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद पति ने गुस्से में चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
झाड़ियों में मिला महिला का शव
मामला गौरेला थाना क्षेत्र के अंजनी गांव का है। जानकारी के अनुसार, JP एग्रोटेक के मजदूरों ने गांव की झाड़ियों में एक महिला का शव देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतका की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई। पुलिस जांच में उसके पति सुमित कुमार यादव की भूमिका सामने आई।
पत्नी को परिचित युवक के साथ देखा
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की रात करीब 2 बजे सुमित कुमार यादव (32) ने पत्नी को कमरे में नहीं पाया। इसके बाद वह उसकी तलाश में बाहर निकला। इसी दौरान उसने पत्नी को एक परिचित युवक के साथ देखा। इस पर सुमित ने गुस्से में उस युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से भाग गया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और हाथापाई शुरू हो गई।
चाकू से किया हमला
विवाद के दौरान सुमित ने लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से लक्ष्मी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गौरेला थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

