CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन बारिश के आसार, रायपुर में 33 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

3 मौसमी सिस्टम एक्टिव

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक साथ तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। मानसून ट्रफ, कम दबाव के क्षेत्र से जुड़ी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी के पास बना चक्रवाती परिसंचरण छत्तीसगढ़ में लगातार नमी पहुंचा रहे हैं। इसी के प्रभाव से अगले दो दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

CG Weather Update

रायपुर में बादल और बौछारों के आसार

राजधानी रायपुर में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

प्रदेश में बढ़ा जलाशयों का जलस्तर

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के प्रमुख जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। अब तक प्रदेश में औसत से केवल 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 46 प्रमुख और मध्यम जलाशयों में औसतन 91.10 प्रतिशत जलभराव हो चुका है। इनमें 7 जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 18 जलाशयों में 90 प्रतिशत से अधिक पानी संग्रहित है। धमतरी के रविशंकर सागर समेत कई बांधों के गेट भी खोले जा चुके हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *