CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चार दिन के सूखे के बाद गुरुवार शाम राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।![]()
2 दिन तक भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार (11 सितंबर) को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। अगले दो दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं। भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज गर्जना की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय बना रहेगा।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दुर्ग रहा सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य बना हुआ है।


