Raigarh Rape: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर प्रेम संबंध बनाए, शादी का वादा किया और कई बार सेक्स करने के बाद शादी से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, शादी की तैयारी के नाम पर युवती से 45 हजार रुपए भी ले लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय युवती ने पुसौर थाने में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव (24) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि वर्ष 2025 में इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने प्रेम का इजहार किया और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
होटल ले जाकर कई बार किया सेक्स
पीड़िता के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को आरोपी उसे पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाकर एक होटल ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद मई 2026 तक शादी का झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर कई बार उसके साथ सेक्स किया। जब भी युवती शादी की बात करती, आरोपी विवाद कर उसे टाल देता था।
शादी के नाम पर लिए 45 हजार रुपए
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी की तैयारियों का हवाला देकर उससे 45 हजार रुपए भी ले लिए। बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। रुपए वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी भी दी। इसके बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई और उनकी सलाह पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुसौर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का बयान दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार साव को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


