CG Murder: छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में मंगलवार सुबह तालाब में दो लोगों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बिलासपुर जिले में मुरूम खदान के तालाब से एक महिला का शव बरामद हुआ, जबकि कोरबा जिले के नवकोनिया तालाब में एक युवक की लाश तैरती मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।![]()
मुरूम खदान के तालाब में महिला की लाश
बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
नवकोनिया तालाब में युवक का शव
कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग स्थित नवकोनिया तालाब में मंगलवार सुबह एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। राहगीरों की सूचना पर पाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
शव से दुर्गंध आने के कारण पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
मौके के पास मिली बाइक
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली है। पुलिस को आशंका है कि यह बाइक मृतक की हो सकती है। फिलहाल युवक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
पाली पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना भेजी जा रही है। इसके अलावा थाना-चौकियों को भी युवक के संबंध में जानकारी दी गई है।



