CG Accident: कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र के लिटियाखार गांव में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो नाबालिग लड़कों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।![]()
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक
जानकारी के मुताबिक, करण चौहान (16) बाइक चला रहा था, जबकि राजा नेटी (14) पीछे बैठा था। दोनों लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एक मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों नाबालिगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दीपका पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बाइक क्रमांक CG 12 BQ 4982 को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बिना हेलमेट चला रहे थे बाइक
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों नाबालिग बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पेड़ से जा टकराई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
देर रात होने के कारण दोनों शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। शनिवार सुबह पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

