Rajnandgaon Murder: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में उधार के पैसों के विवाद में एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी। आरोपी ने पहले दोस्त को अपने किराए के मकान पर बुलाया, फिर विवाद बढ़ने पर लाठी से बेरहमी से हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद शव को बेडशीट में लपेटकर कमरे में छिपा दिया। हालांकि, शव को ठिकाने लगाने से पहले ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला चिखली चौकी क्षेत्र का है।
उधार के पैसों को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, मोतीपुर रामनगर निवासी अर्जुन वाधवानी (30) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बुधवार रात उसके दोस्त सुनील वर्मा (30) ने उसे फोन कर अपने किराए के मकान पर बुलाया। दोनों के बीच लंबे समय से पैसों के लेनदेन, प्रॉपर्टी और बाइक को लेकर विवाद चल रहा था।
लाठी से हमला कर की हत्या
मकान में बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आकर सुनील ने लाठी से अर्जुन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई।
बेडशीट में लपेटकर छिपाया शव
हत्या के बाद आरोपी ने शव को बेडशीट में लपेटकर कमरे में रख दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। वह शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस को मामले की जानकारी मिल गई।
ताला तोड़कर पुलिस ने बरामद किया शव
पुलिस जब मौके पर पहुंची और कमरे का ताला खोलने लगी तो आरोपी ने विरोध करते हुए कहा कि कमरे में कुछ नहीं है। पुलिस को शक हुआ तो ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर बेडशीट में लिपटा अर्जुन का शव मिला। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खून के निशान, फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एडिशनल SP कीर्तन राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में उधार के पैसों, प्रॉपर्टी डीलिंग और बाइक को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते हत्या की गई। मामले की जांच जारी है।



