CG Jobs 2026: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर आने वाला है। प्रदेश के पांच सहकारी बैंक क्षेत्रों में कुल 1360 पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। इनमें जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में समिति प्रबंधकों के 1162 पद शामिल हैं। सबसे अधिक 508 पद रायपुर क्षेत्र में भरे जाएंगे।
कहां कितने पदों पर होगी भर्ती
भर्ती के तहत रायपुर क्षेत्र में 508 पद, बिलासपुर में 444 पद, बस्तर-जगदलपुर में 187 पद, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 पद और रायगढ़ क्षेत्र में 67 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
समिति प्रबंधकों के सबसे ज्यादा पद
भर्ती का सबसे बड़ा हिस्सा पैक्स में समिति प्रबंधकों का है। कुल 1162 पदों में से 596 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी, जबकि 566 पद सीमित चयन प्रक्रिया के माध्यम से भरे जाएंगे। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को सीधे आवेदन कर नौकरी पाने का मौका मिलेगा।
जिला सहकारी बैंकों में नियुक्ति
जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में 198 पदों पर भर्ती होगी। इनमें उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक जैसे पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती होने से बैंकों के तकनीकी, प्रशासनिक और मैदानी कार्यों को मजबूती मिलेगी।
बैठक के बाद तेज हुई भर्ती प्रक्रिया
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को हुई विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों और समितियों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न बैंकों से प्राप्त प्रस्तावों की जांच की गई और अब 1360 पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी गई है।
आवेदन की तारीख का इंतजार
फिलहाल भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन आवेदन शुरू होने की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को भर्ती संबंधी आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना होगा।

