Korba Suicide: कोरबा जिले में एक 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर बहनों को भेजा, जिसमें रोते हुए कहा कि वह बेइज्जती के साथ अब नहीं जी सकती। वहीं कमरे की दीवार पर लिखे एक सुसाइड नोट में भी उसने अपनी बहू और उसके मायके पक्ष को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।![]()
मौत से पहले बनाया वीडियो
जानकारी के अनुसार मृतिका लक्ष्मी मानिकपुरी लक्ष्मणबंध क्षेत्र की रहने वाली थी। घटना से पहले उसने अपनी बहनों को वीडियो भेजा, जिसमें वह भावुक होकर अपनी मानसिक पीड़ा बयां करती नजर आई। वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए बहू को जिम्मेदार बताया।
दीवार पर मिला सुसाइड नोट
पुलिस जांच के दौरान कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा एक संदेश भी मिला। इसमें लिखा था कि उसकी मौत के लिए बहू और उसके मायके वाले जिम्मेदार हैं। साथ ही उसने यह भी लिखा कि उसके पति का इस मामले से कोई संबंध नहीं है और अपने बच्चे की जिम्मेदारी पति को सौंपकर जा रही है। पुलिस ने नोट को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है।
घर में चल रहा था पारिवारिक विवाद
परिजनों के मुताबिक महिला के घर में पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उसका अपनी बहू से अक्सर विवाद होता था। घटना से पहले भी घर में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद महिला मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
पहले पति की मौत के बाद की थी दूसरी शादी
बताया गया कि कोरोना काल में महिला के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बच्चे हैं। इसके बाद वर्ष 2025 में उसने दूसरी शादी की। दूसरे पति के भी पहली पत्नी से दो बेटे हैं। शादी के बाद सभी एक ही परिवार में रह रहे थे।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस वीडियो, कथित सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। दीवार पर लिखे संदेश की पुष्टि के लिए हस्तलेखन विशेषज्ञ की भी मदद ली जाएगी।



