Raipur News: रायपुर में व्यापमं के फर्जी परीक्षा आदेश से जुड़े मामले की जांच कर रहे एक ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। ट्रेनी एसआई पर जांच के दौरान एक कोचिंग संचालक को कार्रवाई का डर दिखाकर एक लाख रुपये की मांग करने और 80 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई की।![]()
फर्जी परीक्षा आदेश की जांच के दौरान लगा आरोप
मामला राखी थाना क्षेत्र में दर्ज व्यापमं के फर्जी परीक्षा आदेश से जुड़ा है। इस मामले की जांच ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर महेश कुमार ओगरे कर रहे थे। आरोप है कि जांच के दौरान उन्होंने एक कोचिंग संचालक पर कार्रवाई का दबाव बनाकर उससे रुपये की मांग की।
मामले से संबंध नहीं होने के बावजूद मांगे रुपये
जानकारी के अनुसार बाद में कोचिंग संचालक को पता चला कि फर्जी व्यापमं आदेश से जुड़े मामले में उसकी कोई भूमिका नहीं थी। इसके बावजूद ट्रेनी एसआई ने कार्रवाई का डर दिखाकर कथित रूप से उससे 80 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद कोचिंग संचालक ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की।
शिकायत मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ जबरन दबाव बनाने, अवैध वसूली करने और पद का अनुचित उपयोग करने के आरोप सामने आए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने महेश कुमार ओगरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग के अनुसार मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।

