Raipur Paper Leak: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की कीट विज्ञान विषय की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पेपर लीक का संबंध दुर्ग के एक निजी कॉलेज से सामने आया है। पुलिस आज पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेगी।![]()
20 अगस्त को आयोजित होने वाली कीट विज्ञान विषय की परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र वॉट्सऐप के जरिए छात्रों तक पहुंच गया था। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा स्थगित कर दी थी। इस संबंध में तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
4 जिलों में दबिश देकर की कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल फोन और वॉट्सऐप चैट की जांच के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई।
जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्र पहले दुर्ग के एक निजी कॉलेज से बाहर निकला और बाद में वॉट्सऐप के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाया गया। इसके आधार पर प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
16 से ज्यादा लोगों से पूछताछ
पुलिस अब तक 16 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। जांच में कुछ छात्रों की भूमिका भी सामने आई है। कवर्धा के दो छात्रों से भी पूछताछ की गई है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र किस स्तर पर लीक हुआ और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया गया। मोबाइल चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त जांच के निर्देश
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और सख्त जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच तेज की और मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।






