CG LPG: छत्तीसगढ़ में अब 10 किलो का सिलेंडर, 5 महीने से नए LPG कनेक्शन बंद; 2 लाख आवेदन लंबित

CG LPG: छत्तीसगढ़ में अब 10 किलो का सिलेंडर, 5 महीने से नए LPG कनेक्शन बंद;

CG LPG: छत्तीसगढ़ में पिछले पांच महीने से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसके चलते गैस एजेंसियों में दो लाख से ज्यादा आवेदन लंबित हैं। पुरानी व्यवस्था बहाल होने तक अब नए उपभोक्ताओं को 10 किलो का प्रीमियम सिलेंडर दिया जाएगा। इंडेन इसे रायपुर में शुरू कर चुकी है, जबकि भारत पेट्रोलियम 14 अगस्त को रायपुर में इस सिलेंडर की शुरुआत करेगी।

5000 रुपए में मिलेगा नया कनेक्शन

प्रीमियम सिलेंडर का नया कनेक्शन करीब 5 हजार रुपए में मिलेगा। इसमें 2500 रुपए सुरक्षा जमा और करीब 1200 रुपए जीएसटी, पाइप, नियामक और प्रशासनिक शुल्क सहित अन्य राशि शामिल है।

LPG Price

बताया गया है कि इजराइल-ईरान युद्ध के बाद एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। इसके बाद शहरों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर घरेलू सिलेंडर की दोबारा आपूर्ति की व्यवस्था लागू की गई थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया, लेकिन नए कनेक्शन जारी होना बंद हो गया।

आधा वजन और गैस का स्तर भी दिखेगा

प्रीमियम सिलेंडर फाइबर से बना होगा और पुराने लोहे के सिलेंडर की तुलना में करीब आधा हल्का होगा। सिलेंडर पारदर्शी होने के कारण इसमें गैस का स्तर भी आसानी से देखा जा सकेगा। कंपनी के अनुसार फाइबर की बॉडी इसे अधिक सुरक्षित बनाएगी।

इस सिलेंडर का कनेक्शन गैस एजेंसी के अलावा कंपनी के मोबाइल एप से भी लिया जा सकेगा। बुकिंग के चार घंटे के भीतर इसकी आपूर्ति करने का दावा किया गया है।

CG LPG

प्रीमियम सिलेंडर की गैस पड़ेगी महंगी

14.5 किलो के घरेलू सिलेंडर की रिफिल करीब 1024 रुपए में मिलती है, जबकि 19 किलो के व्यावसायिक सिलेंडर की रिफिल करीब 2760 रुपए है। प्रीमियम सिलेंडर में गैस की कीमत करीब 166 रुपए प्रति किलो तक पड़ेगी। घरेलू सिलेंडर में करीब 61 रुपए की सब्सिडी मिलती है, जबकि प्रीमियम सिलेंडर पर सब्सिडी नहीं मिलेगी।

15 अगस्त तक केवाईसी जरूरी

छत्तीसगढ़ में करीब 63.3 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। सभी उपभोक्ताओं के लिए 15 अगस्त तक केवाईसी कराना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर कनेक्शन बंद किया जा सकता है। गैस एजेंसियों के अनुसार कई कनेक्शन ऐसे लोगों के नाम पर हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है और उनके परिवार ने अब तक कनेक्शन अपने नाम स्थानांतरित नहीं कराया है।

ऐसे करा सकते हैं केवाईसी

केवाईसी लंबित होने पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सूचना भेजी गई है। उपभोक्ता आधार कार्ड और गैस कार्ड लेकर गैस एजेंसी पहुंच सकते हैं, जहां अंगूठे के निशान के जरिए केवाईसी अपडेट की जाएगी। तेल कंपनियों के मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे भी केवाईसी कराने की सुविधा उपलब्ध है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *