CG Sex Racket: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने शहर के दो अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में 2 महिलाओं समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 2 नाबालिगों को सुरक्षित छुड़ाकर काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने सूचना के आधार पर ग्राहक बनाकर एक व्यक्ति को मौके पर भेजा। संकेत मिलते ही पुलिस ने दोनों ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की।![]()
मकान में चल रहा था देह व्यापार
कोतवाली थाना क्षेत्र के लालटंकी दानीपारा स्थित एक मकान में देह व्यापार की सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राहक बनाकर एक व्यक्ति को भेजा। पुष्टि होने के बाद पुलिस ने छापा मारकर मकान संचालिका लक्ष्मी शर्मा और ग्राहक ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार किया। मौके से 1,500 रुपए, मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।
2 नाबालिगों को सुरक्षित निकाला
छापेमारी के दौरान मकान के अलग-अलग कमरों से 2 नाबालिग मिलीं। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर काउंसलिंग कराई और बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में संचालिका ने बताया कि वह पिछले एक-दो वर्षों से अपने मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार करा रही थी। ग्राहकों से मिलने वाली रकम का हिस्सा लड़कियों को दिया जाता था।
दूसरे ठिकाने पर भी कार्रवाई
इसी दौरान साइबर थाना और जूटमिल थाना पुलिस ने मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित एक मकान में भी छापा मारा। यहां से मकान संचालिका सुनीता मेहर और ग्राहक अभय सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की।
कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पहले मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



