Gariaband Rain: गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में तेज बहाव के बीच सरगी नाला पार करने की कोशिश एक 55 वर्षीय ग्रामीण के लिए जानलेवा साबित हुई। नाले में बहने के करीब एक घंटे बाद उसका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया।![]()
पुलिस के अनुसार, सहसपुर निवासी 55 वर्षीय थनवार यादव अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब 7 बजे लगातार बारिश के कारण सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापस लौटते समय उनके साथी और वहां मौजूद लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए नाला पार करने से मना किया, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए नाला पार करने का प्रयास किया।
तेज बहाव में बह गए ग्रामीण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास मौजूद लोग उन्हें लगातार रोकते रहे। कुछ लोग घटना का वीडियो भी बना रहे थे। जैसे ही थनवार यादव तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई। तलाश के दौरान करीब एक घंटे बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर मिला।
सिकासेर बांध से छोड़ा गया पानी
लगातार बारिश के बीच सिकासेर बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद पैरी नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने नदी-नालों के पास नहीं जाने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत
प्रदेश में लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण हादसों का सिलसिला भी जारी है। मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।


