CG News: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। माधोपाली पुल पार करते समय तेज बहाव में एक कार बह गई। कार में घोटला बड़े के पूर्व सरपंच और देव ट्रेडर्स के संचालक देवनारायण पटेल अपनी पत्नी सविता पटेल के साथ सवार थे। दोनों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।![]()
तेज बहाव में बही कार
जानकारी के अनुसार, देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ कार से माधोपाली पुल पार कर रहे थे। इसी दौरान पुल के ऊपर तेज बहाव में पानी बह रहा था। पानी का दबाव अधिक होने के कारण कार अनियंत्रित होकर नाले में बह गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। अमझर पुल के आसपास खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू टीमों के साथ लापता दंपती की तलाश में सहयोग कर रहे हैं।
घटनास्थल पर जुटी भीड़
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है और लोग पूर्व सरपंच एवं उनकी पत्नी के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार किन परिस्थितियों में पुल के तेज बहाव में पहुंची और हादसा कैसे हुआ। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। अभी तक कार या उसमें सवार दोनों लोगों का पता नहीं चल सका है।




