CG Lightning Death: छत्तीसगढ़ में अब बारिश का दौर तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेशभर में अगले पांच दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है।![]()
बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत
बलरामपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मानती टेकाम (33) और उनकी 14 वर्षीय बेटी कुमारी विमला टेकाम खेत में काम करने गई थीं। गुरुवार दोपहर तेज बारिश शुरू होने पर दोनों पास के एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले के राजपुर में तेज बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के किनारे स्थित कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। इससे घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान भी भीग गया।
अब तक सामान्य से 54% कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है। वहीं दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भी भारी वर्षा दर्ज की गई। इसके बावजूद पूरे प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 54 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।



