Bilaspur News: छत पर सो रहे युवक की करंट लगने से मौत, परिवार में मातम

Bilaspur News: बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघरी में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बच्चियों को छोड़ गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सिंघरी निवासी हरीश कुमार कोसले (30 वर्ष), पिता सुंदर लाल कोसले, रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार देर रात वह अपने घर की छत पर सो रहा था। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे किसी कारणवश उसकी नींद खुली और वह उठा। इसी दौरान वह घर की छत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन की चपेट में आ गया।

करंट लगने के बाद हरीश कुमार छत से नीचे जमीन पर गिर पड़ा। गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

M

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *