Dhamtari Lightning Strike: धमतरी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 40 मवेशियों की मौत हो गई। यह घटना बुधवार देर रात तेज गरज-चमक और बारिश के दौरान हुई। मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरपाली का है।
जानकारी के अनुसार आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 39 भेड़ों और एक बकरे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पशुपालक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।![]()
5 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
विभाग ने बताया है कि इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
गर्मी से मिल रही राहत
बारिश की गतिविधियां बढ़ने से प्रदेश में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।


