CG Electricity Bill Hike: छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही महंगी बिजली का झटका लग सकता है। राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) ने विद्युत नियामक आयोग को बिजली दरों में 24 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव भेजा है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं की बिजली दरों में बढ़ोतरी होगी।
कंपनी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 6,308.24 करोड़ रुपये के अनुमानित घाटे को देखते हुए टैरिफ संशोधन का प्रस्ताव रखा गया है। प्रस्ताव के अनुसार विभिन्न स्लैब में बिजली दरों में करीब 1 से 2 रुपये प्रति यूनिट तक की वृद्धि हो सकती है, जिससे उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल पर सीधा असर पड़ेगा।
उपभोक्ताओं को तगड़ा झटका
यदि आयोग प्रस्ताव को मंजूरी देता है, तो घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और उद्योगों की बिजली लागत भी बढ़ जाएगी। इससे आम लोगों के मासिक बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की संभावना है।
फैसले का इंतजार
विद्युत नियामक आयोग इस प्रस्ताव पर फरवरी में जनसुनवाई कर चुका है। विभिन्न संगठनों और उपभोक्ताओं से प्राप्त सुझावों पर विचार के बाद आयोग ने अतिरिक्त दस्तावेज भी मांगे हैं। अब अंतिम निर्णय का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि जून महीने में नई दरों को लेकर फैसला लिया जा सकता है। बस्तर संभाग सहित पूरे प्रदेश में नई दरें नियामक आयोग के आदेश जारी होने के बाद ही लागू की जाएंगी।
घरेलू उपभोक्ताओं की वर्तमान बिजली दरें
• 0 से 100 यूनिट – 4.10 रुपये प्रति यूनिट
• 101 से 200 यूनिट – 4.20 रुपये प्रति यूनिट
• 201 से 400 यूनिट – 5.60 रुपये प्रति यूनिट
• 401 से 600 यूनिट – 6.60 रुपये प्रति यूनिट
• 601 यूनिट से अधिक – 8.20 रुपये प्रति यूनिट


