CG Weather Update: आज 50KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार भी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

tcw

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। रायपुर (माना) प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

CG Weather Update

रायपुर में आंधी-बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में गरज-चमक के साथ बारिश, धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मानसून की रफ्तार होगी तेज

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं। आने वाले दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां और अधिक अनुकूल बन सकती हैं। इसके प्रभाव से कई जिलों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *