CG Election: नगर पंचायत चुनाव के लिए आज घोषणा पत्र होगा जारी, इतने तारीख को है मतदान

CG Election: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नगर पंचायत बनने के बाद बम्हनीडीह में पहली बार अध्यक्ष और 15 पार्षद पदों के लिए चुनाव कराया जा रहा है। 1 जून को होने वाले मतदान में करीब 4,300 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।tcw

विकास के मुद्दों और स्थानीय वादों के बीच मतदाताओं को साधने के लिए शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री अरुण साव बम्हनीडीह पहुंचेंगे। वे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे और भाजपा का घोषणा पत्र भी जारी करेंगे। भाजपा इस चुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है।

कांग्रेस ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। सक्ती और जांजगीर जिले के पांच विधायकों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी चुनाव प्रचार किया। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सामाजिक बैठकों के जरिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की।

जयसिंह अग्रवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के बावजूद देश में महंगाई, भ्रष्टाचार और आतंक का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि रमन सिंह सरकार के 15 साल की तुलना में साय सरकार के ढाई साल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है।

भाजपा ने मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को चुनाव प्रभारी बनाया है। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार को बम्हनीडीह बाजार चौक में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। साथ ही भाजपा अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों की जीत के बाद क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की रूपरेखा घोषणा पत्र के माध्यम से जनता के सामने रखी जाएगी।

गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संतों का अपमान किया है और एक वर्ग विशेष की राजनीति की है। उन्होंने दावा किया कि बम्हनीडीह की जनता कांग्रेस नेताओं को जवाब देगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *