बिलासपुर | CG BIG CRIME: छत्तीसगढ़ के जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले पति को 10 हजार रुपए दिलाने का लालच दिया और फिर उसे झारखंड से बिलासपुर लेकर आई। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

मिली जानकारी के मुताबिक झारखंड के सिमडेगा जिले में रहने वाली पूनम लिमगा की पहचान फेसबुक के जरिए सुगड़ तोपड़ो नाम के युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर प्रेम संबंध बन गए। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले महिला अपने दो बच्चों और पति को छोड़कर बॉयफ्रेंड के साथ चली गई थी, लेकिन बाद में वापस घर लौट आई।

घर लौटने के बाद महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोपी प्रेमी ने विनोद को फोन कर बिलासपुर आने पर 10 हजार रुपए देने और पत्नी को छोड़ने की बात कही। इस झांसे में आकर विनोद 19 मई को पत्नी के साथ बिलासपुर पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक सिरगिट्टी इलाके में रेलवे ट्रैक के पास आरोपियों ने पहले दुपट्टे से उसका गला घोंटा, फिर चाकू से गला रेत दिया। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंककर सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। महिला जब अकेली गांव लौटी तो परिजनों को शक हुआ। पूछताछ और मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच के बाद पूरा मामला सामने आ गया।

पति विनोद लिमगा
करीब 6 दिन बाद पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों से विनोद का सड़ा-गला शव बरामद किया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके बॉयफ्रेंड और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। सिरगिट्टी पुलिस की टीम झारखंड में दबिश दे रही है।

पत्नी पूनम ने पूछताछ में बॉयफ्रेंड संग मिलकर हत्या करना स्वीकार किया।
