CG Petrol Crisis: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने बड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक खरीदी से बचने की अपील की गई है।
खाद्य सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 45,474 किलोलीटर पेट्रोल और 84,654 किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। राज्यभर में कुल 2,516 पेट्रोल और डीजल पंप संचालित हो रहे हैं, जहां नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है।
रायपुर और बिलासपुर में कुछ पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट
खाद्य सचिव के अनुसार रायपुर शहर में कुल 326 पेट्रोल और डीजल पंप हैं, जिनमें से 35 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हुए हैं। वहीं बिलासपुर जिले में 156 पंप संचालित हैं, जिनमें से 13 पंपों में अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हुआ है। उन्होंने कहा कि इन सभी पंपों पर जल्द ही पर्याप्त ईंधन उपलब्ध करा दिया जाएगा।
अफवाहों के कारण बढ़ी खपत
खाद्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। हाल के दिनों में कुछ पेट्रोल पंपों के ड्राई आउट होने की खबरों के बाद अफवाहें तेजी से फैलीं, जिसके कारण लोगों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदना शुरू कर दिया। इससे पेट्रोल और डीजल की खपत में अचानक वृद्धि दर्ज की गई।
पैनिक खरीदारी न करने की अपील
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम से प्रभावित होकर अनावश्यक ईंधन का भंडारण न करें। शासन और ऑयल कंपनियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और सभी पेट्रोल पंपों में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

