Raipur IPL 2026: नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रायपुर इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सेकेंड होम ग्राउंड बना हुआ है। RCB का पहला मुकाबला 10 मई को MI के खिलाफ खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा। मैचों को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।![]()
1500 पुलिस जवान तैनात
पुलिस द्वारा जारी एडवायजरी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को 4 हिस्सों में बांटा गया है। पूरे आयोजन में करीब 1500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। इस बार दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहली बार सीट नंबर वाले टिकट जारी किए गए हैं। स्टेडियम के सभी गेट पर टिकट की स्कैनिंग की जाएगी। स्कैनिंग में समय लगने की संभावना को देखते हुए दर्शकों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की गई है।
स्टेडियम में ये सामान प्रतिबंधित
पुलिस द्वारा जारी 14 बिंदुओं वाली एडवायजरी में कई सामानों को स्टेडियम के भीतर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रतिबंधित सामानों में शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटका, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, बोतल, डिब्बे, टिफिन, कुर्सी, स्टूल, छाता, रोलर, ब्लेड, स्केट्स बोर्ड और वाद्य यंत्र शामिल हैं। इसके अलावा आग्नेयास्त्र, पटाखे, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, धारदार वस्तुएं, कांच के कंटेनर, हैंड बैग, सूटकेस, लेडीज बैग, बैकपैक, लैपटॉप, हैंडीकैम कैमरा, लेजर लाइट, फ्लैश लाइट, परफ्यूम स्प्रे, सिरिंज, पेन-पेंसिल, गुब्बारे, खेल गेंद, लकड़ी की लाठी, हॉकी स्टिक, झंडा, हार्न, सीटी, रेडियो, प्रचार सामग्री और सभी प्रकार के सिक्कों पर भी प्रतिबंध रहेगा। बच्चों के खाद्य पदार्थों को छोड़कर अन्य खाद्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।


